Tuesday, December 22, 2015

अपराध पर काबू पाने में नाकाम बिहार सरकार-सीमा

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी की राष्ट्रीय सचिव सीमा सक्सेना ने कहा है कि बिहार में बढ़ते अपराध पर काबू पाने में राज्य सरकार लगातार नाकाम साबित हो रही है। एक ओर तो अपराधी बेखौफ होकर जुर्म कर रहे हैं और दूसरी ओर, अपराध पर रोक लगाने के सरकारी दावों में कोई कमी नहीं है। सच्चाई तो ये है कि सरकार और पुलिस-प्रशासन के पास अपराध नियंत्रण को लेकर कोई कारगर योजना व इच्छाशक्ति नहीं है।


रालोसपा सचिव ने कहा कि मुज़फ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में एक युवा कारोबारी विक्की कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी है। वो बेल्ट बेचने का काम करके किसी तरह रोजी-रोटी चला रहा था, लेकिन अपराधियों ने उसे भी नहीं बख्शा। इसी तरह बाढ़ में एक स्कूली छात्रा को अगवा कर लिया गया। इस तरह की घटनाएं अब बिहार के लिए रोजमर्रा की बात हो चुकी हैं। सबसे बड़ी चिंता तो ये है कि इन वारदातों के बाद आरोपियों की धर-पकड़ भी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों में डर बढ़ रहा है और आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

रालोसपा सचिव ने कहा कि विकास और सुशासन के लिए एक भयमुक्त समाज का होना जरूरी है। बिहार सरकार जब इसी में नाकाम हो रही है तो राज्य के विकास के लिए क्या काम करेगी? बिना कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार लाए बिहार में उद्योग-धंधों का विकास कैसे संभव हो सकेगा? मौजूदा मुख्यमंत्री दस साल से इस पद पर हैं, लेकिन दस कंपनियां भी बिहार में निवेश के लिए आगे नहीं आईं तो इसका सबसे बड़ा कारण कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर राज्य सरकार की नाकामी ही है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या को सिर्फ विपक्ष के आरोप करार देकर पल्ला झाड़ने से राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकती। 

भगवान सिंह कुशवाहा बने जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष

जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्‍पू यादव ने जन अधिकार पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया है। पुनर्गठित कार्यकारिणी में पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाहा को नया प्रदेश अध्‍यक्ष मनोनीत किया गया है। जबकि एजाज अहमद को प्रधान महासचिव बनाया गया है। पत्रकार श्‍याम सुंदर यादव समेत 3 लोगों को प्रवक्‍ता बनाया गया है।

सांसद पप्‍पू यादव द्वारा जारी सूची के अनुसार, 9 पूर्व विधायक समेत 15 लोगों को उपाध्‍यक्ष बनाया गया है। पूर्व विधायक कृष्‍णनंदन यादव, सुरेश मेहता, दाउद अली, सुनील कुमार पुष्‍पम, ब्रजनंदन यादव, दिलीप यादव, जाकिर हुसैन, पप्‍पू खान और मो रुकमुद्दीन को उपाध्‍यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही जवाहर प्रसाद सिंह, गुरुदेव पोद्दार, प्रमोद नारायण सिंह, सूर्यनारायण सहनी, युगेश्‍वर राय और शिवनाथ उर्फ बबन यादव को भी उपाध्‍यक्ष की जिम्‍मेवारी सौंपी गयी है। अजीत झा को कोषाध्‍यक्ष बनाया गया है। प्रवक्‍ता के रूप में सुहेली मेहता, राजीव कुमार और श्‍याम सुदंर यादव को मनोनीत किया गया है। इसके अलावा 45 महासचिव, 59 सचिव भी मनोनीत किये गए हैं।



नयी प्रदेश कार्यकारिणी की सूची जारी करने के बाद संरक्षक श्री यादव ने कहा कि पार्टी के जनाधार विस्‍तार और संगठन की मजबूती के लिए गांव-गांव तक आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्‍होंने उम्‍मीद जतायी कि पार्टी की नयी कार्यकारिणी पूरी निष्‍ठा और मेहनत के साथ पार्टी को मजबूत करने में अपना योगदान देगी। 


Monday, December 21, 2015

सांसद रंजीत रंजन ने किसानों की समस्‍या को लोकसभा में उठाया

पटना। कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने धान की न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य 1800 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग सरकार से की है। लोकसभा में शून्‍यकाल के दौरान उन्‍होंने इस मामले को उठाते हुए कहा कि इस वर्ष किसानों को सुखाड़ का सामना करना पड़ा है। उनकी माली हालत खराब हो गयी है। वैसी स्थिति में किसानों को लाभदायक मूल्‍य देना जरूरी है।
सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि पैक्‍स के माध्‍यम से धान खरीद छलावा साबित हो रही है। किसान कम कीमत में दलालों और बिचौलियों को धान बेचने को विवश हैं। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने ग्रेड ए धान की न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य 1410 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है और उस पर 300 रुपये प्रति क्विंटल राज्‍य सरकार बोनस दे रही है। लेकिन बिचौलिए धान को ए ग्रेड साबित करने में कई प्रकार का अड़ंगा लगाते हैं। इसका नुकसान किसानों को होता है। उन्‍होंने सुखाड़ को देखते हुए किसानों के लिए विशेष पैकेज की मांग भी की। 

धान खरीद घोटाले की हो सीबीआई जांच : पप्‍पू यादव


पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्‍पू यादव ने बिहार में हुए धान खरीद घोटाले की सीबाआई जांच की मांग की है। उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया है कि कैग ने धान खरीद में घोटाले का खुलासा किया है। इसलिए किसानों के हित में मामले की सीबीआई जांच जरूरी है।
श्री यादव ने कहा कि सरकार ने मील मालिकों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए किसानों के साथ  धोखाधड़ी की और किसानों के उत्‍पाद की कीमत नहीं चुकायी गयी। इसमें 40 हजार करोड़ रुपये की घोटाले की बात कैग ने कही है। उन्‍होंने प्रधानमंत्री से पूर्णिया स्थित हवाई अड्डा को व्‍यावसायिक दृष्टि से खोलने की मांग की और इस संबंध में वायु सेना के नियंत्रणाधीन चुनापुर हवाई अड्डा को एनओसी प्रदान करने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि  पूर्णिया स्थित हवाई अड्डा को व्‍यावसायिक इस्‍तेमाल से कोसी और पूर्णिया प्रमंडल के साथ पूरे उत्‍तर बिहार को  देश के अन्‍य हिस्‍सों से वायुमार्ग से जोड़ना सुलभ हो जाएगा।
सांसद श्री यादव ने सहरसा में तेल एव प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा प्रस्‍तावित गैस रिफिलिंग प्‍लांट लगवाने का आग्रह भी किया। केंद्र सरकार बिहार में तीन और गैस रिफिलिंग प्‍लांट लगाने की योजना बना रही है। इसमें एक प्‍लांट सहरसा में लगवाने की मांग की। उन्‍होंने सहरसा में यूनानी और होम्‍योपैथी चिकित्‍सा का आधुनिक केंद्र खोलने की मांग भी की। पप्‍पू यादव ने जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्‍ट्रीय प्रधान महासचिव और पूर्व सांसद सुभाष प्रसाद यादव की सुरक्षा एक्‍स श्रेणी से बढ़ाकर वाई श्रेणी करने का आग्रह किया। उन्‍होंने सहरसा के बंगाली मार्केट में सड़क ऊपरी पुल बनवाने की मांग भी की। सांसद ने असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को पेंशन के रूप में प्रतिमाह 5 हजार रुपये करवाने की मांग की।